• Wed. Aug 12th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

यमकेश्वर में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 209 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

Byadmin

Aug 12, 2026

14 अगस्त तक चलेगा तीन दिवसीय शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी निःशुल्क परामर्श एवं उपचार की सुविधा

पौड़ी- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का बुधवार को शुभारंभ हुआ। यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने शिविर का उद्घाटन किया। 12 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस शिविर के पहले दिन 209 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न जनपदों एवं विकासखंड स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख न करना पड़े।

शिविर में नेत्र रोग, हड्डी रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), जनरल मेडिसिन एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। इसके अलावा निःशुल्क एक्स-रे, प्रयोगशाला जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीबी स्क्रीनिंग तथा गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर के पहले दिन 42 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 8 लोगों की टीबी जांच तथा 30 लोगों की प्रयोगशाला जांच की गई। ईएनटी विशेषज्ञ से 20, हड्डी रोग विशेषज्ञ से 21, जनरल फिजिशियन से 72 तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ से 55 लोगों ने परामर्श लिया। वहीं 13 लोगों को एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध कराई गई तथा 41 महिलाओं का स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम मुयाल, डॉ. समीक्षा, डॉ. जयशंकर, डॉ. मोहित, डॉ. अगमकांत, डॉ. अंशिका, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक पंकज नौटियाल, दीपिका कपरवान, मुकेश चमोली सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *