देहरादून : परेड ग्राउंड में आज संपन्न हुई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली को कांग्रेस ने सुपर-डुपर फ्लॉप शो करार दिया है।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सूर्यकांत धस्माना ने अपने ईसी रोड स्थित कैंप कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला।
धस्माना ने कहा कि त्योहार के दिन जब मंदी की मार झेल रहा व्यापारी कुछ व्यापार की उम्मीद कर रहा था, तब भाजपा की जबरन की रैली के कारण पूरे दिन का काम चौपट हो गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता दस साल के भाजपा के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है और अब इससे छुटकारा पाना चाहती है। इसका नजारा आज गृह मंत्री की बहु-प्रचारित रैली में साफ दिखाई दिया, जहां पूरी सरकारी मशीनरी और ताकत लगाने के बावजूद भाजपा सम्मानजनक भीड़ भी नहीं जुटा पाई। हमारे राजभवन कूच से आधी भीड़ भी भाजपा नहीं जुटा पाई।
धस्माना ने कहा कि गृह मंत्री आज भी अपने पुराने राग हिंदू-मुस्लिम, मजार ही अलापते रहे और उत्तराखंड के विकास के लिए कोई नया विजन नहीं दिया। प्रदेश की जनता अब इन जुमलों के झांसे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज रैली के फ्लॉप होने का एक बड़ा कारण अंकिता भंडारी प्रकरण भी है। प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि इस जघन्य प्रकरण में वीआईपी को बचाने के लिए उसे कानूनी संरक्षण दिया जा रहा है।अमित शाह के उत्तराखंड में हैट्रिक लगाने के ऐलान पर तंज कसते हुए श्री धस्माना ने कहा कि, “भाजपा को हैट्रिक का ख्वाब छोड़कर अब तीस साल तक सत्ता से बेदखल होने की तैयारी करनी चाहिए।”
