• Sat. Nov 14th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

छठ पूजा की धूम, नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व शुरू

Byadmin

Nov 14, 2026

देहरादून: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर देहरादून में पूर्वांचल समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। घरों में साफ-सफाई के साथ ही पूजा-पाठ और प्रसाद बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। छठ पर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती खरना की परंपरा निभाएंगे। इस दिन पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा, जिसमें व्रती अन्न और जल का पूरी तरह त्याग करेंगे।

छठ पूजा को लेकर देहरादून के टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र, ब्रह्मपुरी, प्रेमनगर, रायपुर नहर और मालदेवता में नदी किनारे घाटों पर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। रविवार शाम को इन घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान बांस के सूप और टोकरी में फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्री सजाई जाएगी।

चार दिवसीय पर्व का समापन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके बाद व्रती पारण कर निर्जला उपवास समाप्त करेंगे। छठ महापर्व में स्वच्छता, शुद्धता और नियम-संयम का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्य देव और छठी मैया की आराधना करने से परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है। साथ ही संतान की सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की जाती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *