• Thu. Nov 19th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर का टॉप कमांडर लतीफ भट मारा गया

Byadmin

Nov 18, 2026

जम्मू-कश्मीर : कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों को आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। घटनास्थल से उसका शव और एक हथियार भी बरामद किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने कई बार उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इस पूरे अभियान के दौरान मस्जिद को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क कर उसे सरेंडर करने के लिए समझाने की कोशिश की थी। सामने आए वीडियो में एक अधिकारी उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। अधिकारी ने उसे भरोसा दिलाया कि सुरक्षाबल उसके साथ हैं। इसके बावजूद भट ने आत्मसमर्पण नहीं किया। उसने जवाब दिया कि उसे अल्लाह से मुलाकात करनी है और वह खुश है।

बुधवार तड़के इलाके में दोबारा गोलीबारी शुरू होने के बाद सुरक्षाबलों ने कुलगाम के विभिन्न गांवों में तलाशी अभियान तेज कर दिया। गौरतलब है कि लतीफ भट का साथी उमर निसार डार सोमवार को कुलगाम में हुई एक अन्य मुठभेड़ में मारा गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों 11 नवंबर को अखरान में CRPF की चौकी पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवान घायल हुए थे।

इस मामले में मंगलवार को पुलिस ने CCTV कैमरों की फुटेज सार्वजनिक की थी। फुटेज में उमर निसार डार और लतीफ भट को हमले से एक दिन पहले अलग-अलग स्थानों पर रेकी करते हुए देखा गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई इलाकों का जायजा लिया था। उनका उद्देश्य सुरक्षा बलों की तैनाती और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाना था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेकी करने के अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोनों ने अखरान स्थित CRPF चौकी को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। CCTV फुटेज के विश्लेषण के आधार पर उनकी पहचान की गई। फुटेज में हमले से पहले की गतिविधियों के साथ-साथ घटना के बाद भागते हुए भी दोनों को देखा गया। वहीं, डार के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने स्थानीय पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि उमर निसार डार पिछले पांच से छह महीनों से लतीफ भट को पनाह देने के साथ-साथ उसकी मदद कर रहा था। पुलिस के अनुसार, लतीफ भट दक्षिण कश्मीर में सक्रिय था और इससे पहले 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए हमले में भी उसकी भूमिका सामने आई थी। उस हमले में एक पुलिसकर्मी की जान चली गई थी।

वहीं, CRPF चौकी पर हमले के बाद से सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान चला रखा था। इस दौरान पूछताछ के लिए 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। सुरक्षाबलों की कार्रवाई के बाद अब लश्कर के स्थानीय नेटवर्क और हमले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *