• Thu. Nov 19th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार,सीएम ने किया बाड़े का लोकार्पण

Byadmin

Nov 19, 2026

देहरादून : मालसी स्थित चिड़ियाघर में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सफेद बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है, जिससे चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान रखता है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जबकि चिड़ियाघर से सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों के आकर्षण में और इजाफा होने की संभावना है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दूसरी प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिन्हें देखने के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला था।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण भी बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के अधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। प्रदेश की वन संपदा और जैव विविधता उसकी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल मनोरंजन और पर्यटन का स्थान नहीं है, बल्कि यह वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि पहले चिड़ियाघर में बच्चों के लिए निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था शुरू की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इस पहल से बच्चों में वन्यजीवों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को समझने की भावना भी विकसित हुई है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे भविष्य में राज्य व देश के विकास में योगदान देने के साथ प्रकृति की सुरक्षा में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *