• Tue. Nov 24th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी! – Afzal News

Byadmin

Nov 24, 2026

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने को लेकर तत्कालीन वीपी सिंह सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी का कहना है कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर कांग्रेस का पुराना आरोप चर्चा में आ गया है कि 1989 में सत्ता में आई वीपी सिंह सरकार ने राजनीतिक मंशा के तहत राजीव गांधी की सुरक्षा वापस ली थी।

राहुल गांधी ने ये बातें अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ हुई एक वीडियो बातचीत के दौरान कहीं। तीनों गांधी परिवार के बीच सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग’ (Belonging) को लेकर चर्चा कर रहे थे। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया गया है।

वीडियो में सोनिया गांधी ने 1991 के बिहार दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी के साथ गए थे। दौरे के दौरान राजीव गांधी पर पत्थर फेंके गए और भीड़ ने उनके खिलाफ नारेबाजी की। सोनिया गांधी के मुताबिक, जब राहुल घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां से कहा था कि अगर उनके पिता की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो उन्हें जल्द ही उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ सकता है।

इस घटना को याद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बिहार का वह दौरा उनके लिए बर्दाश्त की आखिरी सीमा था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में आरोप लगाया कि उनके पिता की सुरक्षा इसलिए हटाई गई थी, ताकि उनकी हत्या की जा सके। राहुल ने कहा कि यह कोई सामान्य प्रशासनिक फैसला या महज संयोग नहीं था, बल्कि जानबूझकर ऐसा माहौल बनाया गया था, जिसमें राजीव गांधी की जान को खतरा था।

राहुल गांधी ने यह भी बताया कि सुरक्षा को लेकर उनकी अपने पिता के साथ बहस होती थी। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित रहती थीं। प्रियंका के मुताबिक, सोनिया गांधी घर के आसपास लगे कंटीले तारों की जांच करती थीं और अगर कोई सुरक्षाकर्मी सोता हुआ दिखाई देता था, तो वह इस पर भी ध्यान दिलाती थीं।

गौरतलब है कि राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने का मामला लंबे समय से राजनीतिक विवाद का विषय रहा है। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद वर्ष 1985 में प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) का गठन किया गया था। इसके बाद 1988 में संसद ने एसपीजी अधिनियम पारित किया। हालांकि, उस समय कानून के तहत एसपीजी सुरक्षा का लाभ केवल मौजूदा प्रधानमंत्री को दिया जाता था, पूर्व प्रधानमंत्रियों को नहीं।

वर्ष 1989 में वीपी सिंह के प्रधानमंत्री बनने के बाद राजीव गांधी को दी जा रही एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। कांग्रेस लंबे समय से इस फैसले पर सवाल उठाती रही है। अब राहुल गांधी के ताजा बयान ने इस पुराने राजनीतिक विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *