• Tue. Nov 10th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

उत्तराखंड में धूमधाम से मनी दीपावली, मुख्यमंत्री ने परिवार संग मनाया दीपोत्सव

Byadmin

Nov 9, 2026

देहरादून: उत्तराखंड में दीपावली का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। पहाड़ से लेकर मैदान तक घरों में दीप जलाए गए और विधि-विधान से मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों ने सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास में दीपावली मनाई। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी गीता धामी और दोनों पुत्र मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि दीपावली हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और समृद्ध विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार न केवल अंधकार पर प्रकाश की जीत का संदेश देता है, बल्कि पारिवारिक एकता, आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और समाज में सेवा, सहयोग तथा मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह पर्व हर परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड विकास और उन्नति के नए मुकाम हासिल करेगा और प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य की ओर आगे बढ़ेगा। साथ ही उन्होंने लोगों से त्योहार को आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *