शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान, 26 जुलाई को पौड़ी और कोटद्वार में आयोजित होंगे कार्यक्रम
पौड़ी- कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को जनपद में शौर्य दिवस के रूप में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शौर्य दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय पौड़ी एवं कोटद्वार में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने दोनों स्थानों पर प्रभात फेरी, परेड, मार्चपास्ट एवं मुख्य समारोह के लिए उपयुक्त स्थल निर्धारित कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दोनों स्थानों पर शहीद स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित कर गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा, जिसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रेरक कार्यक्रम आयोजित होंगे। सैनिक कल्याण विभाग को कारगिल सहित देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के परिजनों को ससम्मान समारोह में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को कारगिल विजय दिवस की थीम पर विद्यालयों में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह में विभिन्न विभागों एवं विद्यालयों की झांकियां और मार्चपास्ट भी आकर्षण का केंद्र होंगे। उन्होंने पुलिस विभाग को प्रभात फेरी मार्गों एवं कार्यक्रम स्थलों पर सुदृढ़ यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद पौड़ी एवं नगर निगम कोटद्वार को शहीद स्मारकों की साफ-सफाई, सजावट, पुष्प व्यवस्था तथा झांकियों के मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को दोनों कार्यक्रम स्थलों पर चिकित्सक एवं एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने सैनिक कल्याण विभाग को गणमान्य नागरिकों को आमंत्रण भेजने तथा शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) अनूप काला, सैनिक कल्याण अधिकारी लैंसडाउन एस पी सती, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
