• Wed. Oct 7th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

यूट्यूबर अनुराग डोभाल पर गंभीर आरोप, मारपीट और जान से मारने की धमकी की शिकायत पर FIR दर्ज

Byadmin

Oct 6, 2026

देहरादून। प्रसिद्ध यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में उनके और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, रास्ता रोकने, धमकी देने और अन्य गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, राज सिंह चौहान ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि छह अक्टूबर की शाम वह यलो हिल्स कैफे के पास नैक्सा शोरूम के सामने अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मिलने पहुंचे थे। शिकायत के अनुसार, करीब रात आठ बजे बातचीत के दौरान विवाद हुआ और इसके बाद कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान अनुराग डोभाल ने उनका गला दबाने की कोशिश की। वहीं, उनके साथ मौजूद अन्य लोगों पर लोहे के हथियार और डंडों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें वाहन से कुचलने का प्रयास किया।

राज सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उन्हें चोटें भी आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी छीन ली गई। किसी तरह मौके से निकलने के बाद मामला और गंभीर हो गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के बाद उन्हें फोन कॉल और इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से कथित तौर पर धमकियां दी गईं। आरोप है कि उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत में अनुराग डोभाल के अलावा अभय चौधरी, तपन पंडित, अभिषेक टाइगर, अभिनव श्रीवास्तव और गुरु भाई समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए गए हैं।

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *