• Mon. Nov 16th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

अंजुमन इस्लाह-ए-मुस्लिमीन के जलसे में उमड़ा जनसैलाब, मशहूर उलमा ने दी इस्लामी तालीम

Byadmin

Nov 16, 2026

सैदपुर / बदायूँ) : अंजुमन इस्लाह-ए-मुस्लिमीन, सैदपुर के तत्वावधान में रविवार, 15 नवंबर 2026 को बाद नमाज़-ए-मग़रिब मोहल्ला पुरब, कस्बा सैदपुर, जिला बदायूँ में एक अज़ीम-ओ-शान इस्लाही जलसे का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आए सैकड़ों मेहमानों ने शिरकत की। जलसे में देश के मशहूर उलमा-ए-किराम ने अपनी प्रभावशाली तक़रीरों के माध्यम से लोगों को इस्लाम की बुनियादी शिक्षाओं, समाज सुधार, नैतिक मूल्यों और बेहतर जिंदगी गुजारने के तरीकों से रूबरू कराया।

कार्यक्रम का आगाज़ कुरआन-ए-करीम की तिलावत से हुआ। इसके बाद जलसे की कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए मस्जिद अहले हदीस, सैदपुर के जनाब निसार उद्दीन सल्फी हफिज़हुल्लाह ने शानदार अंदाज़ में निज़ामत के फरायज़ अंजाम दिए।

जलसे में सबसे पहले शेख रज़ा उल्लाह अब्दुल करीम मदनी हफिज़हुल्लाह ने रसूल-ए-अकरम ﷺ की पैरवी करने और इमाम के सम्मान की अहमियत पर विस्तार से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि एक मुसलमान की जिंदगी में रसूल ﷺ की सुन्नत की पैरवी बेहद जरूरी है। साथ ही समाज में दीन की सही समझ, आपसी सम्मान और धार्मिक रहनुमाई की अहमियत को भी बयान किया।

इसके बाद शेख सरफ़राज़ फ़ैज़ी ने बच्चों की परवरिश और उनकी बेहतर तालीम-ओ-तरबियत में माता-पिता की जिम्मेदारियों पर विस्तार से बयान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की अच्छी परवरिश केवल उनकी दुनियावी शिक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उनमें अच्छे अख़लाक, अदब, संस्कार और दीन की समझ पैदा करना भी माता-पिता की अहम जिम्मेदारी है।

वहीं शेख शमीम अहमद सलफ़ी बदायूंनी ने सिराते मुस्तक़ीम यानी सीधे रास्ते की अहमियत और उस पर चलने के तक़ाज़ों पर रोशनी डाली। उन्होंने लोगों को कुरआन और सुन्नत की रोशनी में अपनी जिंदगी संवारने तथा नेक अमल को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की नसीहत की।

इसी क्रम में शेख ख़लील-उर-रहमान सनाबिली ने सब्र और तवक्कुल के विषय पर प्रभावशाली तक़रीर पेश की। उन्होंने बताया कि इंसान की जिंदगी में आने वाली परेशानियों और मुश्किल हालात में सब्र से काम लेना तथा अल्लाह पर भरोसा रखना एक सच्चे मोमिन की अहम पहचान है। उन्होंने लोगों को हर परिस्थिति में अल्लाह की रहमत से उम्मीद बनाए रखने और दीन की राह पर मजबूती से कायम रहने की तालीम दी।

जलसे की सदारत शेख रज़ा उल्लाह अब्दुल करीम मदनी ने की। तमाम उलमा-ए-किराम की तक़रीरों को लोगों ने बड़े ध्यान और दिलचस्पी के साथ सुना। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक और इस्लाही माहौल बना रहा। जलसे का मुख्य उद्देश्य लोगों में दीन की सही समझ पैदा करना, समाज में सुधार की भावना को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को इस्लामी शिक्षाओं और अच्छे अख़लाक से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर अंजुमन इस्लाह-ए-मुस्लिमीन और इंतजामिया कमेटी की ओर से जलसे में शिरकत करने वाले सभी उलमा-ए-किराम, बाहर से आए सैकड़ों मेहमानों और स्थानीय लोगों का शुक्रिया अदा किया गया। कमेटी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले तमाम लोगों का भी आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर इंतजामिया कमेटी के अफजल खान, सरफराज खान, तबरेज़ लोदी, तसव्वर खान, मोहम्मद अफसर, रहीस शेख, सोहिल लोदी, शबी शेख, मेराज सिद्दीकी, मुजीब रहमान, मोहम्मद अब्दुल्ला, मुस्तफा खान, हारून अंसारी, अलमास खान, विकार शेख सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: ज़ीशान सिद्दीकी, सैदपुर (बदायूँ)।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *