• Sat. Nov 21st, 2026

Exactkhabar

24x7 News

मां की अर्थी को कंधा देते भावुक हुए CM योगी, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

Byadmin

Nov 21, 2026

देहरादून: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार रवाना किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया। मां के अंतिम दर्शन करते समय योगी आदित्यनाथ बेहद भावुक नजर आए और उनकी आंखें छलक पड़ीं। पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास से मां की अंतिम यात्रा में शामिल होकर मुख्यमंत्री हरिद्वार के चंडी घाट के लिए रवाना हुए।

बता दें कि सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली थी। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शोक जताने के लिए गांव पहुंचने लगे।

मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वह काफी देर तक मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और उन्हें निहारते रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों और मां की देखभाल करने वाले लोगों से उनके अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली। बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास मौजूद रहे।

सावित्री देवी पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उन्हें पहले एम्स ऋषिकेश और बाद में जौलीग्रांट अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। दोनों ही मौकों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। बीती 7 मई को भी योगी आदित्यनाथ पंचूर गांव पहुंचे थे और 8 मई को वापस लौट गए थे। उस दौरान उन्होंने अपनी मां से मुलाकात की थी।

परिजनों के मुताबिक, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा। यह घाट पंचूर गांव का पारंपरिक पैतृक घाट है। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में यह दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख है। इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था। उस समय देश में कोरोना महामारी के कारण प्रतिबंध लागू थे और मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के चलते योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।

सावित्री देवी के निधन पर गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी शोक व्यक्त किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शोकसभा आयोजित की गई।मां के अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक रस्मों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे उत्तराखंड से लखनऊ के लिए रवाना होने का कार्यक्रम निर्धारित था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *