• Tue. Nov 24th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन मजबूत, 525 सेंसर और 2.69 लाख लोग प्रशिक्षित

Byadmin

Nov 24, 2026

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में अब हर साल 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में आपदाओं से बचाव और उनसे निपटने की तैयारियों को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। 25 से 28 नवंबर तक स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसीलों में मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं, 27 नवंबर को सचिवालय के विश्वकर्मा भवन स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम होगा।

उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए बीते कुछ वर्षों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। हिमनद झीलों से उत्पन्न होने वाले संभावित खतरे को देखते हुए वसुंधरा हिमनद झील पर सीबीआरआई में विकसित अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित किया गया है। इसके साथ ही मौसम और जलस्तर से जुड़ी निगरानी व्यवस्था का भी विस्तार किया गया है। प्रदेश में हाइड्रो-मौसमी सेंसर की संख्या बढ़कर 525 हो चुकी है, जिससे आपदा की आशंका का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी।

आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। वर्ष 2020-21 से 2025-26 के बीच प्रदेश में 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2.69 लाख से अधिक लोगों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (NDRF) के तहत विभिन्न मदों में मिलने वाली सहायता राशि के मानकों में भी बढ़ोतरी की है।

आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्तराखंड ने संस्थागत स्तर पर भी अपनी व्यवस्था को मजबूत किया है। प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बना, जहां अलग से आपदा प्रबंधन विभाग स्थापित किया गया। वर्ष 2007 में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) का गठन हुआ। इसके बाद वर्ष 2014 में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) का गठन किया गया। वर्ष 2025 में इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) को राज्य, जिला और तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। वहीं, वर्ष 2022 में उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया।इन प्रयासों के जरिए राज्य सरकार का लक्ष्य आपदाओं के प्रति तैयारी को मजबूत करने, समय रहते चेतावनी देने और जनहानि व नुकसान को कम करने का है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *