• Sat. Nov 7th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू झांसी से गिरफ्तार – Afzal News

Byadmin

Nov 7, 2026

देहरादून : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने शनिवार को गिरफ्तारी की पुष्टि की। वहीं, गिरधारी लाल साहू के करीबी सतेंद्र राठौर को भी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली से गिरफ्तार किया है।

दरअसल, मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी, जातिसूचक टिप्पणी करने और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही गिरधारी लाल साहू फरार चल रहे थे। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। इसके बाद पुलिस की टीमें उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में उनकी तलाश कर रही थीं।

अपनी शिकायत में रेखा आर्य ने आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी और बच्चों की जानकारी छिपाकर वर्ष 2004 में उनसे विवाह किया था। मंत्री के मुताबिक, उन्हें इस बात की जानकारी अपने बच्चों के जन्म के बाद हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साहू ने उनके स्टाफ के सामने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और साजिश के तहत उन्हें उनकी ही कंपनियों से बाहर कर दिया।

मामला दर्ज कराने के बाद रेखा आर्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपनी आपबीती बताई थी। इस दौरान वह भावुक नजर आई थीं। उन्होंने एक ऑडियो क्लिप भी जारी की थी, जिसमें कथित तौर पर गिरधारी लाल साहू किसी अन्य महिला के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश से जुड़ी बातचीत करते सुनाई दे रहे थे।

वहीं, इन आरोपों के सामने आने के बाद गिरधारी लाल साहू ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने मंत्री द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को झूठा बताते हुए उनसे मुकदमा वापस लेने की अपील की थी। साहू ने रेखा आर्य पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की जांच कराने की मांग भी की थी।

इसके अलावा, साहू ने मंत्री द्वारा जारी ऑडियो क्लिप को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की मदद से तैयार किया गया फर्जी ऑडियो बताया था। उनका दावा था कि इस ऑडियो को परिवार में विवाद पैदा करने और रिश्ता तोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *