• Thu. Oct 8th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

राजधानी में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस नाराज, मुख्य सचिव आनंद वर्धन को सौंपा मांग पत्र

Byadmin

Oct 7, 2026

राजधानी की ध्वस्त कानून-व्यवस्था पर मुख्य सचिव से मिला कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल

अपराध घटित होने पर पुलिस की तय हो जवाबदेही – धस्माना

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने चिंता जताई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्य सचिव आनंद वर्धन से सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जताते हुए मुख्य सचिव को मांग पत्र सौंपा।

कांग्रेस ने मांग की कि प्रदेश में किसी भी गंभीर आपराधिक घटना के बाद पुलिस को चौकी, थाना, सर्कल और जिला स्तर पर जवाबदेह बनाया जाए। सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि इस साल की शुरुआत से ही राजधानी देहरादून में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

धस्माना ने कई आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि परेड ग्राउंड में प्रेस क्लब के सामने दिनदहाड़े युवक की हत्या, राजपुर रोड स्थित एसएसपी बंगले के पास सिल्वर सिटी मॉल में गोलीबारी में युवक की हत्या, जोहड़ी गांव में गैंगवार के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत, पल्टन बाजार में युवती की हत्या और भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में लूट जैसी घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली हैं।

उन्होंने मंगलवार को रायपुर थाना क्षेत्र के विष्णु लोक में हुए तिहरे हत्याकांड का भी उल्लेख किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि इन घटनाओं से राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ी है और विशेष रूप से अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

धस्माना ने यह भी कहा कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के अपराधियों के देहरादून में शरण लेने की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में पुलिस की निगरानी और कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाए।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मांग की कि गृह विभाग और पुलिस विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि किसी भी जघन्य आपराधिक घटना की स्थिति में संबंधित चौकी, थाना, सर्कल और जिला स्तर के अधिकारियों की जवाबदेही तय हो। साथ ही प्रत्येक थाना क्षेत्र में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं।

मुख्य सचिव से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग के अध्यक्ष दिनेश कौशल, पूर्व प्रदेश महासचिव जगदीश धीमान और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित खन्ना शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *