• Wed. Nov 11th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

जेनी प्रकरण से अंकिता केस तक, धस्माना ने धामी सरकार पर साधा निशाना

Byadmin

Nov 11, 2026

देहरादून: उत्तराखंड में 23 साल पुराने जेनी प्रकरण को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने साफ किया है कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि जेनी प्रकरण भाजपा के लिए उल्टा पड़ सकता है।

धस्माना ने कहा कि यह मामला साल 2003 का है और इसकी सीबीआई से विस्तृत जांच हो चुकी है। उस समय केंद्र में भाजपा की सरकार थी। मामले में अदालत की कार्यवाही और डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट सामने आने के बाद सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी और डॉ. हरक सिंह रावत को क्लीन चिट मिली थी। उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब 2016 में हरक सिंह रावत को पार्टी में शामिल किया गया और 2017 में कैबिनेट मंत्री बनाया गया, तब भाजपा ने इस प्रकरण को क्यों नहीं उठाया।

धस्माना ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा पुराने मामले को दोबारा सामने ला रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक, कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दों पर भी निशाना साधा। उनका कहना है कि बेरोजगारी लगातार गंभीर बनी हुई है और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को लेकर धस्माना ने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन उनके मुख्यमंत्री के साथ अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा कि जब भी सरकार जनहित में कोई अच्छा काम करती है तो वह खुद मुख्यमंत्री को फोन कर बधाई देते हैं। राजनीति में विचारों का मतभेद हो सकता है, लेकिन आपसी संवाद बना रहना चाहिए।

साल 2016 की राजनीतिक उठापटक पर बात करते हुए धस्माना ने पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के शिष्य रहे हैं और धर्मनिरपेक्षता उनके राजनीतिक सिद्धांतों का अहम हिस्सा है। 17 मार्च 2016 को जब विजय बहुगुणा ने कांग्रेस के कुछ विधायकों के साथ बगावत की थी, तब उन्होंने उन्हें समझाने का प्रयास किया था।

धस्माना ने कहा कि बहुगुणा परिवार के साथ उनके आज भी अच्छे पारिवारिक संबंध हैं, लेकिन वैचारिक स्तर पर उन्होंने कभी भाजपा का साथ नहीं दिया और न ही अपने सिद्धांतों से समझौता किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *