• Wed. Mar 25th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

नवनियुक्त जिलाधिकारी ने कंडोलिया व क्यूंकालेश्वर मंदिर में की पूजा

Byadmin

Jun 23, 2025

पत्रकारों से वार्ता कर विकास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

  पौड़ी-  नवनियुक्त जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने से पहले धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए शहर के प्रसिद्ध कंडोलिया ठाकुर मंदिर और प्राचीन क्यूंकालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ उन्होंने अपने प्रशासनिक कार्यकाल की शुरुआत की।

मंदिर दर्शन के पश्चात जिलाधिकारी सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को वे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएंगी। जिलाधिकारी भदौरिया ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, प्रशासन में पारदर्शिता, कार्यों की गति और सभी विभागों के साथ समन्वय बनाते हुये प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त किया जायेगा। साथ ही उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया और कहा कि इसके लिये हमारी टीम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को बढ़ावा देने की बात करते हुये उन्होंने कहा कि इन तीनों क्षेत्रों में ठोस कार्ययोजना के साथ प्रगति सुनिश्चित की जायेगी। इसके साथ ही जिले में गुलदार की बढ़ती घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि अधिक प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां जागरूकता कार्यक्रम चलाये जाएंगे और वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ा जायेगा, जिससे वह अपने ही क्षेत्र में स्वरोजगार कर सकेंगे। साथ ही पलायन पर भी रोक लग सकेगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल, वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा, त्रिभुवन उनियाल, अजय रावत, राकेश रमण शुक्ला, मनोहर बिष्ट, गणेश नेगी, जसपाल नेगी, कुलदीप बिष्ट, मुकेश बछेती, सिद्धांत उनियाल, मुकेश आर्य, मुकेश सिंह, करण नेगी, भगवान सिंह, दीपक नौड़ियाल, अंकित उनियाल सहित अन्य उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *