• Wed. Mar 25th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

पाकिस्तान में ट्रेन हाईजैक: 500 लोगों को बनाया बंधक

ByExact Khabar

Mar 11, 2025
 पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है। आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में एक यात्री ट्रेन पर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में ट्रेन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार आंतकियों ने इस ट्रेन को हाईजैक कर लिया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी, तभी उस पर गोलीबारी की गई।
अधिकारियों ने एक बयान में बताया कि एक उग्रवादी अलगाववादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली और कहा कि उन्होंने सुरक्षा बलों सहित ट्रेन से लोगों को बंधक बना लिया है। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर सुरक्षा बलों को भेजा गया है और जांच की जा रही है। जानकारी दें कि पाकिस्तान का बलूचिस्तान एक संसाधन संपन्न इलाका है। हालांकि, इस क्षेत्र में हमेशा संघर्ष की घटनाओं को देखा गया है।
पाकिस्तानी अखबार डॉन ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर गोलीबारी की गई है। रेलवे नियंत्रक मुहम्मद काशिफ ने बताया कि इस ट्रेन में करीब 450 से अधिक यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि ट्रेन को सुरंग संख्या 8 में हथियारबंद लोगों ने रोक लिया। यात्रियों और कर्मचारियों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना पर सरकार का बयान सामने आया है, जिसमें कहा गया कि सिबी अस्पताल में आपातकाल लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही एंबुलेंस और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि जहां पर ये घटना हुई है वह पहाड़ी इलाका है, जिस कारण अधिकारियों को वहां पर पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *