• Mon. Aug 10th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

15 अगस्त की तैयारियों को लेकर एडीएम ने ली बैठक, समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

Byadmin

Aug 10, 2026

14 अगस्त को कंडोलिया-टेका मार्ग पर होगी मैराथन दौड़, बालक-बालिका व ओपन वर्ग में प्रतिभाग करेंगे धावक

पौड़ी- स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं व्यापार संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस से संबंधित तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एजेंसी चौक से रामलीला मैदान तक प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रभात फेरी में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर पालिका को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही शहीद स्मारक की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर एवं व्यवस्थित नजर आनी चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को कंडोलिया-टेका मार्ग पर मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने युवा कल्याण एवं खेल विभाग को प्रतियोगिता की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मैराथन में बालक, बालिका एवं ओपन वर्ग में प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

उन्होंने अधिक से अधिक प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में शामिल कराने के लिए शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। मैराथन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय टीम की व्यवस्था करने को कहा गया।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 14 एवं 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से प्रकाशमान किया जाए। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी कार्यालयों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि कलेक्ट्रेट में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवरों में पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही मुख्य कार्यक्रम स्थल एवं तहसीलों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करने के लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में सैनिक कल्याण अधिकारी करण रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय त्यागी, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी आशीष कुमार, व्यापार संघ अध्यक्ष विनय शर्मा, शिक्षा विभाग से योगंबर नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *