• Mon. Aug 10th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी सख्त, फरियादियों को मिली त्वरित राहत

Byadmin

Aug 10, 2026

जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी सख्त, फरियादियों को मिली त्वरित राहत

जनता मिलन में शिकायतों की सुनवाई से लेकर लंबित प्रकरणों की समीक्षा, मुआवजे वितरण को लेकर रजिस्ट्री कैंप से लेकर पेयजल आपूर्ति का हुआ त्वरित समाधान

पौड़ी – जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 20 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का सभी स्तरों पर प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, की गई कार्रवाई की आख्या जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने के साथ-साथ उसकी सॉफ्ट कॉपी अनिवार्य रूप से संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न होने पाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करें। समीक्षा के दौरान वीसी के माध्यम से बैठक में नहीं जुड़ने वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिये हैं।

जनता मिलन कार्यक्रम में ग्रामसभा थली दान्दली के ग्रामीणों की पेयजल संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को निर्देश दिए कि अगले ही दिन संबंधित जेई को मौके पर भेजा जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पूर्व सूचना देते हुए उनकी उपस्थिति में समस्या का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित किया जाए। विकासखंड दुगड्डा के ग्राम सिरसू निवासी त्रिलोक सिंह ने नवंबर 2025 से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ न मिलने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि बैठक के बाद शिकायतकर्ता को अपने कार्यालय ले जाकर प्रकरण की जांच कर शिकायत का तत्काल समाधान करने को कहा। तहसील चाकीसैण के ग्राम तरपाली निवासी उमेद सिंह ने एनएच-309 धुमाकोट के तहत तरपालीसैंण में आरसीसी सेतु निर्माण के दौरान बिना अनुमति उनकी भूमि अधिग्रहित किए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चाकीसैण को प्रकरण की व्यक्तिगत रूप से जांच करने तथा नियमानुसार प्रभावित को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील पौड़ी के मंजेड़ा गांव निवासी जयपाल सिंह बिष्ट ने बणगांव स्थित मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में विगत तीन माह से कर्मचारी तैनात न होने और केंद्र बंद होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को औचक निरीक्षण कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

रिखणीखाल वेलफेयर सोसाइटी के उपाध्यक्ष जेएस बिष्ट ने क्षेत्र में बाघ व तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से उत्पन्न भय को लेकर छह बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरंतर निगरानी के लिए वन कर्मियों की गश्त को बढ़ाने तथा उपकरणों से निगरानी सुनिश्चित करें।

जनता मिलन कार्यक्रम के अतिरिक्त मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन, पत्राचार तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों एवं प्रार्थना-पत्रों पर भी जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। जिसमें बीरोंखाल के सिंदुड़ी तल्ली निवासी दिनेश गुसाईं ने भूमि की रजिस्ट्री सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण के लिए तहसील लैंसडौन के चक्कर लगाने की समस्या बताते हुए बीरोंखाल में राजस्व कैंप आयोजित करने की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर 06 अगस्त 2026 को बीरोंखाल में कैंप आयोजित कर क्षेत्रवासियों के राजस्व संबंधी मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार ग्राम कण्डारा निवासी हुकम सिंह द्वारा स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत का त्वरित संज्ञान लेते हुए जल संस्थान ने तत्काल कार्रवाई की। विभाग द्वारा पाइपलाइन में आई समस्या को दूर करते हुए 21 जुलाई 2026 को मरम्मत कार्य पूर्ण कर स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गई। शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर जलापूर्ति बहाल होने की पुष्टि भी की गई। सतपुली तहसील के ग्राम कन्दोली, पट्टी कौड़िया-01 निवासी विजय कुमार पुत्र विश्वंभर दत्त द्वारा भवन निर्माण के आ रही अढ़चनों के चलते अपने हिस्से की भूमि का सीमांकन कराने की फरियाद की गई थी। शिकायत पर राजस्व विभाग द्वारा नियमानुसार भूमि का सीमांकन कराकर प्रकरण का त्वरित निस्तारण कर दिया गया।

इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफ आर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ मेघना असवाल, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, विद्युत अभिनव रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, एसडीओ वन आयशा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *