• Sun. Aug 2nd, 2026

Exactkhabar

24x7 News

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने किया स्थलीय निरीक्षण, समयबद्ध व गुणवत्ता से कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

Byadmin

Aug 2, 2026

प्रकृति और आधुनिकता का अनूठा संगम बनेगा राष्ट्रपति उद्यान

देहरादून को मिलेगी नई पहचान, राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण अंतिम चरण में

देहरादून: राजधानी देहरादून के राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक ‘राष्ट्रपति आशियाना’ परिसर में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान का निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरणों की ओर बढ़ रहा है।  जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 132 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस विश्वस्तरीय उद्यान का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को कार्यो के प्रगति समीक्षा बैठक की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना केवल एक पार्क नहीं, बल्कि देहरादून की नई पहचान के रूप में विकसित होगी। हरियाली, पर्यटन, स्वास्थ्य संवर्धन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला यह उद्यान प्रदेश ही नहीं, देशभर के पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।

अधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा लगभग 80 प्रतिशत तथा उद्यान विभाग द्वारा करीब 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। पार्क में आधुनिक सुविधाओं का व्यापक विकास किया जा रहा है। यहां आकर्षक थीम पार्क, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक तथा प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कराने के लिए 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक तैयार किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक आयोजनों के लिए 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योग एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए योगा पवेलियन, मनोहारी व्यूइंग एवं वॉटरफॉल डेक, आधुनिक स्पोर्ट्स जोन तथा विशाल लीची गार्डन भी विकसित किए जा रहे हैं। स्पोर्ट्स जोन का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

उद्यान में आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन भव्य प्रवेश द्वार और अत्याधुनिक पार्किंग व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। जिलाधिकारी ने इन सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स फर्म के माध्यम से कराए जा रहे सिविल कार्यों का निरीक्षण करते हुए डीएम डॉ. चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बुनियादी ढांचे के निर्माण में मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसपाल चौहान, केबीजी इंजीनियर्स के प्रोजेक्ट मैनेजर फराज, सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, उद्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *