• Wed. Jul 15th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

जिलाधिकारी ने कांवड़ क्षेत्र का किया व्यापक निरीक्षण, सड़क, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, ट्रैफिक, संचार और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं को परखा

Byadmin

Jul 14, 2026

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

पैदल मार्गों को ठीक करने, अतिरिक्त सीसीटीवी लगाने तथा स्थायी शौचालयों में स्थायी कनेक्शन देने के दिए निर्देश

पौड़ी। 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली विश्वप्रसिद्ध कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने पेयजल, विद्युत, सड़क, पैदल मार्ग, स्वच्छता, पार्किंग, ट्रैफिक, सुरक्षा, संचार नेटवर्क, आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के कार्य का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सभी शार्प टर्न, पैदल मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले स्थलों पर यात्रा शुरू होने से पहले कार्य पूरा कर लिया जाए। उन्होंने सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, जलभराव वाले स्थानों पर पैचवर्क तथा नालियों की सफाई एवं प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। लोनिवि के अधिकारियों ने अवगत कराया कि पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में नीलकंठ सड़क की टॉप लेयर मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी धनराशि से पुंडरासू से आने वाले पैदल मार्ग के निर्माण का कार्य वन विभाग एवं विकासखंड द्वारा किया जा रहा है, जिसे एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस मार्ग पर रेलिंग, संकेतक बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंदिर के पीछे चल रहे लीगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने 25 जुलाई तक पूरे क्षेत्र की सफाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा क्षेत्र में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा 5 जुलाई से संचालित विशेष स्वच्छता अभियान यात्रा अवधि तक निरंतर जारी रखा जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती एवं नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने को कहा।

बिजली एवं पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, शौचालयों में नियमित जलापूर्ति तथा स्थायी शौचालयों में स्थायी जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल बिंदुओं की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित करने को कहा।

जिला पंचायत पार्किंग एवं शौचालयों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए पार्किंग प्रबंधन को सुव्यवस्थित रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पैदल मार्गों पर पुलियों को मजबूत करने, भू-कटाव वाले क्षेत्रों का उपचार तथा वर्षाजल निकासी हेतु कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चिन्हित स्थानों पर अतिरिक्त कूड़ेदान स्थापित करने के भी निर्देश दिए।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने टैक्सी-मैक्सी संचालकों से संवाद कर ट्रैफिक प्लान साझा किया तथा संबंधित विभागों को सुचारु यातायात संचालन के लिए समन्वित कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों, डायवर्जन मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर स्पष्ट दिशासूचक बोर्ड लगाने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस एवं स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

दूरसंचार सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जियो, एयरटेल सहित विभिन्न मोबाइल सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों को पूरे यात्रा क्षेत्र में नेटवर्क क्षमता बढ़ाने, अस्थायी मोबाइल टावरों की आवश्यकता का आकलन करने तथा निर्बाध संचार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस कंट्रोल रूम एवं पुलिस चौकी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) को सक्रिय रखने तथा आपातकालीन सेवा 112 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्हें संवेदनशील स्थानों एवं पैदल मार्गों पर अतिरिक्त सीसीटीवी लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे ढूंढ खोज कार्यों में आसानी हो सके।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यात्रा अवधि के दौरान प्राथमिक उपचार केंद्रों, एंबुलेंस, चिकित्सकीय टीमों एवं आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा एवं बारिश की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नीलकंठ महादेव मंदिर के महंत सुभाष पुरी से भी भेंट कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण में दर्शन का अवसर मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण (ड्राई रन) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम चतर सिंह चौहान, एएसपी मनोज ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्भय सिंह, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अभिषेक वर्मा, एएमए जिला पंचायत संजय खंडूरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *