• Wed. Jun 17th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

आयुक्त गढ़वाल मंडल ने किया विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण

Byadmin

Jun 17, 2026

जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही पर जतायी नाराजगी, दो कार्मिकों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश

पौड़ी- आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने बुधवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने संभागीय परिवहन कार्यालय, संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग गढ़वाल मंडल तथा अपर निदेशक कृषि कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संभागीय परिवहन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मुख्य द्वार पर शिकायत पेटी स्थापित करने तथा अभिलेखों एवं पंजिकाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन से संबंधित मामलों, नगर क्षेत्र एवं चारधाम यात्रा मार्ग की पार्किंग व्यवस्था, धारी देवी क्षेत्र में पार्किंग प्रबंधन तथा चालान की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक रूप से किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण की कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जाय।

आयुक्त ने जुलाई 2025 से 15 जून 2026 तक हुई सड़क दुर्घटनाओं का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा डुंगरी में निर्माणाधीन ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लाइसेंस बनवाने आए आवेदकों से भी बातचीत कर विभागीय व्यवस्थाओं का फीडबैक प्राप्त किया।

इसके उपरांत संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निरीक्षण में मण्डलायुक्त ने डाक एवं उपस्थिति पंजिकाओं का अवलोकन किया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय भवन की मरम्मत एवं अनुरक्षण संबंधी प्रस्ताव निदेशालय को भेजने, पुरानी पत्रावलियों को व्यवस्थित रूप से बांधने, शिकायत पेटी स्थापित करने तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने हेतु सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने किसानों को उपलब्ध करायी जा रही पौध एवं बीज वितरण की जानकारी प्राप्त करते हुए प्रगति चार्ट एवं गढ़वाल मंडल के सभी जनपदों की मासिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही अनुपयोगी एवं खराब सामग्री की नियमानुसार नीलामी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर निदेशक कृषि कार्यालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रभारी अपर निदेशक कृषि को सप्ताह में कम से कम दो दिन मंडल मुख्यालय स्थित कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रधान सहायक के अनुपस्थित पाए जाने तथा किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्या लेकर आए एक कृषक की सुनवाई न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में उन्होंने प्रधान सहायक तथा सहायक कृषि अधिकारी (वर्ग-1) के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने अपर निदेशक कृषि की नियमित उपस्थिति न होने के कारण विभागीय वाहन एवं चालक को आयुक्त कार्यालय से संबद्ध करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कार्य आवंटन, बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था तथा कार्यालय अभिलेखों का निरीक्षण किया। फसल बीमा योजना से संबंधित पुराना सूचना पट्ट प्रदर्शित पाए जाने पर उन्होंने उसे तत्काल अद्यतन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे, एआरटीओ एन.के. ओझा, संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण कार्यालय के प्रधान सहायक कुलदीप राणा, अपर निदेशक कृषि कार्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भास्करानंद नौटियाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुमन नेगी, वैयक्तिक सहायक आयुक्त राजेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *