• Thu. Nov 26th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

कांग्रेस का हल्लाबोल, बैरिकेडिंग पर चढ़े हरक सिंह रावत और भुवन कापड़ी

Byadmin

Nov 26, 2026

देहरादून: भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लोक भवन कूच किया। कांग्रेस भवन से प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए लोक भवन के लिए रवाना हुए। हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। धक्का-मुक्की के बीच कुछ नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।

पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक भुवन कापड़ी बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताते नजर आए। वहीं, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह हस्ताक्षरयुक्त बैनर लेकर मार्च में शामिल हुए। पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदेश में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाबदेही तय करने की मांग की।

कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के जरिए प्रदेशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज राज्यपाल को सौंपने की योजना बनाई थी। पार्टी की ओर से 10 से 23 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला, ब्लॉक और महानगर मुख्यालयों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अभियान में भागीदारी करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। विभिन्न जिलों से हस्ताक्षरयुक्त बैनर और दस्तावेज एकत्र कर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय भेजे गए थे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया था कि 26 नवंबर को भ्रष्टाचार और संविधान की मूल भावना के कथित अपमान के विरोध में लोक भवन कूच का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। इसके तहत राज्यपाल को हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पोस्टरों का संकलन सौंपकर प्रदेश में उजागर हुए भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की जानी थी।

प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान को प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप देकर सरकार पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जवाब देने का दबाव बनाने की कोशिश की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *