• Wed. Nov 25th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

सरकारी नौकरी का झांसा देकर तीन युवकों से 36 लाख ऐंठे, चेक भी हुए बाउंस

Byadmin

Nov 25, 2026

देहरादून: ओएनजीसी में लिपिक पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से 36 लाख 27 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जोगीवाला निवासी एक महिला ने खुद को आयुष विभाग में कार्यरत बताते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बनने और केंद्र सरकार में ऊंची पहुंच होने का हवाला देकर तीन युवकों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। महिला ने अपने पति और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर इस कथित फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। पीड़ितों की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश निवासी राजे सिंह ने शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात 10 जुलाई 2022 को एक परिचित के माध्यम से रविकांता शर्मा से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने दावा किया कि वह आयुष विभाग में कार्यरत है और प्रतिनियुक्ति पर मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बनने वाली है। उसने अपने पति नरेंद्र प्रकाश शर्मा और बेटे की केंद्र सरकार में अच्छी पकड़ होने की बात भी कही। साथ ही कई युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का दावा किया।

महिला ने राजेंद्र सिंह, रोहित रावत और अरुण उनियाल को ओएनजीसी में लिपिक के पद पर बैकडोर से नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में राजेंद्र सिंह से 11 लाख पांच हजार रुपये, रोहित रावत से सात लाख रुपये और अरुण उनियाल से 13 लाख 22 हजार रुपये लिए गए। शिकायत के अनुसार, तीनों से कुल 31 लाख 27 हजार रुपये अलग-अलग माध्यमों से वसूले गए। इस दौरान उनके शैक्षणिक दस्तावेज भी अपने पास रख लिए गए।

इसके बाद रविकांता शर्मा ने तीनों की मुलाकात विनय भट्ट नाम के व्यक्ति से कराई और उसे ओएनजीसी में नियुक्ति कराने वाला बताया। आरोपियों की ओर से 26 जुलाई 2023 से नौकरी पर ज्वाइनिंग कराने का आश्वासन दिया गया। पीड़ित कई बार विनय भट्ट के साथ ओएनजीसी के गेट तक पहुंचे, लेकिन हर बार संबंधित अधिकारी के मौजूद नहीं होने का बहाना बनाकर उन्हें वापस भेज दिया गया।

लंबे इंतजार के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने अलग-अलग बैंकों के चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गए। करीब तीन साल तक रकम वापस पाने के लिए चक्कर काटने के बाद पीड़ितों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस ने रविकांता शर्मा, नरेंद्र प्रकाश शर्मा और विनय भट्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *