• Sat. Nov 21st, 2026

Exactkhabar

24x7 News

PM से मिले धामी,उत्तराखंड में वेडिंग औरआध्यात्मिक टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

Byadmin

Nov 21, 2026

दिल्ली / देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड में पर्यटन विकास और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के वेडिंग डेस्टिनेशन, शीतकालीन पर्यटन और आध्यात्मिक पर्यटन के विजन को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है। उत्तराखंड को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए नए वेडिंग डेस्टिनेशन और आध्यात्मिक पर्यटन क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही चोपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर क्षेत्र में भी नए वेडिंग डेस्टिनेशन तैयार करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए राज्य सरकार ने वेडिंग डेस्टिनेशन नीति तैयार कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान देने के लिए पौड़ी के बेलकेदार, टिहरी के अंजनीसैंण और चंपावत के लोहाघाट व श्यामलाताल क्षेत्रों को विकसित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों के विकास से धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

शीतकालीन पर्यटन को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम के प्रमुख गद्दी स्थलों से शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की गई है। श्रद्धालुओं को प्रोत्साहित करने के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम और कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृहों में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले वर्ष शीतकालीन यात्रा के दौरान 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन किए थे। वहीं, इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों के पहुंचने से नया रिकॉर्ड बना है।

धार्मिक पर्यटन के साथ साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आदि कैलाश परिक्रमा रन के तहत हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन का आयोजन किया गया है। इसके अलावा माणा घाटी में भी मैराथन दौड़ आयोजित करने की योजना प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ पहल की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आईटीबीपी के साथ हुए समझौते के तहत 7,255 बकरियों से 2.18 लाख किलोग्राम मांस और 30 टन मछली की आपूर्ति की गई है। वहीं, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड का कारोबार बढ़कर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और इसके 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत हो चुके हैं।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की लोककला, पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों से जुड़े विशेष उपहार भी भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे। इसके अलावा हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की गई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *