• Sat. Nov 14th, 2026

Exactkhabar

24x7 News

मां-बेटे की तरह सो रहे नानी-धेवते की हत्या, घर में मिले दोनों के शव

Byadmin

Nov 14, 2026

बदायूं : जिले के बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में शनिवार सुबह दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में रहने वाली 47 वर्षीय नियाज बानो और उनके सात वर्षीय धेवते आफाक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर के अंदर बिस्तर पर पड़े मिले। मृतकों के गले पर निशान मिलने से गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, महिला के कानों से सोने के कुंडल भी गायब बताए जा रहे हैं। ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों ने लूटपाट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है।

जानकारी के मुताबिक, कान्हा नगला निवासी नियाज बानो के पति बंद हसन का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी बेटी हिना की शादी गांव के ही आरिफ से हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात नियाज बानो अपने सात वर्षीय धेवते आफाक के साथ घर में सो रही थीं। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हिना अपनी मां और बेटे को चाय देने के लिए उनके घर पहुंचीं। घर का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर चली गईं। कमरे में पहुंचते ही उनकी चीख निकल गई। बिस्तर पर मां और बेटे के शव पड़े हुए थे।

हिना की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही बिनावर थाना पुलिस, सीओ और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घर के अंदर से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मृतकों के गले पर निशान पाए गए हैं। इसके अलावा नियाज बानो के कानों से सोने के कुंडल गायब होने की बात भी सामने आई है। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि घर में घुसे बदमाशों ने पहले लूटपाट की और फिर पहचान उजागर होने या विरोध किए जाने के डर से दोनों की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के पीछे की वजह की पुष्टि नहीं की है।

घटना की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वाड की भी मदद ली। खोजी कुत्ते को घटनास्थल पर लाया गया, जहां से वह पुलिस टीम को लेकर काफी दूर तक गया। बाद में खोजी कुत्ता खेतों की तरफ जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में भी छानबीन की। शुक्रवार रात घर में किसका आना-जाना हुआ था और घटना को किसने अंजाम दिया, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। वारदात के पीछे लूटपाट का मकसद था या कोई पुरानी रंजिश, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

इधर, गांव में एक साथ दो हत्याओं की घटना से दहशत का माहौल है। महिला और मासूम की हत्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का मानना है कि बदमाशों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और सोने के कुंडल लेकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *